बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर सड़क पर उतरे NDA के घटक दल

पटना. भाजपा समेत एनडीए के तमाम घटक दल नीतीश सरकार के खिलाफ सड़क पर उतर गयी है। सोमवार को भाजपा के अलावा लोजपा, रालोसपा और हम ने राज्य सरकार के जनविरोधी कार्यों के विरोध में पूरे राज्य में धरना-प्रदर्शन कर रही है। बिगड़ती कानून व्यवस्था, धान की खरीद विफलता और राशन कार्ड में गड़बड़ी के खिलाफ एनडीए सभी जिला मुख्यालयों में धरना दे रहा है। इसमें एनडीए के सभी सहयोगी दलों के नेता शामिल होंगे। पूर्व उपमुख्यमंत्री व भाजपा के वरीय नेता सुशील मोदी रोहतास में जबकि विधानसभा में विपक्ष के नेता डॉ. प्रेम कुमार नालंदा में धरना में शामिल हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने बताया कि पटना महानगर की ओर से विक्रम में धरना का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में अराजक स्थिति है। राज्य सरकार को न किसानों की चिंता है और न आम लोगों की। अपराध चरम पर हैं और कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। शराबबंदी के बाद अपराधों में कमी का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दावा भ्रामक है। सरकारी आंकड़ा बताता है कि राज्य में हत्या, डकैती, दंगा, फिरौती के लिए अपहरण, बलात्कार की घटनाओं में भारी वृद्धि हुई है। अप्रैल में संज्ञेय अपराधों की संख्या 14279 थी वह अक्टूबर 2016 में बढ़कर 16153 हो गयी है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गत वर्ष 30 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद में फिसड्डी रही सरकार ने इस साल अपनी नाकामियों पर परदा डालने के लिए धान की खरीद का कोई लक्ष्य ही नहीं निर्धारित किया है। जिलों एवं प्रखंडों में पैक्सों व व्यापार मंडलों के जरिये धान की खरीद का नाटक रचा जा रहा है। नतीजा है कि किसानों को औने-पौने दर पर बिचौलिया के हाथों धान बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है।

No comments

Powered by Blogger.